जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिला। जिले के ग्राम पंचायत भितघरा के पहाड़ी कोरवा आश्रित ग्राम राजपुर में यह घटना घटी। घर की छप्पर ठीक करने के बाद बारामदे में आराम करने के दौरान गाज गिरी और उसकी चपेट में आने से बहू व ससुर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार बागीचा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत भितघरा के पहाड़ी कोरवा आश्रित ग्राम राजपुर में रतिया राम (68) अपने परिवार के साथ रहता था। पिछले एक दो दिन से हो रही बारिश के कारण शनिवार को वह अपने घर की छप्पर ठीक कर रहा था। इस दौरान उसकी बहू दीनामती (20) और दीनामती की मां मंझनी बाई (50) छप्पर ठीक कर रहे थे। दोपहर को छप्पर ठीक करने के बाद सभी बरामदे में आराम करने लगे। इस दौरान अचानक बरामदे में बिजली गिरी। गाज गिरने रतिया राम और उसकी बहू दीनामति इसकी चपेट में आ गए जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।




