भिलाई (Bhilai News)। नए साल की शुरुआती ढाई माह दुर्ग पुलिस के लिए अच्छे नहीं रहे। इन ढाई माह में दुर्ग का क्राइम रेट 20 फीसदी बढ़ गया है। इसमें मारपीट से लेकर चाकूबाजी व चोरी की वारदातें शामिल हैं। गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने सभी थानों के इंचार्ज व राजप्रत्रित अधिकारियों की बैठक ली और बढ़ते क्राइम रेट को कंट्रोल करने का निर्देश दिया है। अगली बैठक से पहले थानों में पेंडिग मामलों में भी 20 फीसदी तक कमी करने का निर्देश दिया है।
पुलिस अफसरों की बैठक को लेकर एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने कहा कि नए साल में पुलिस की उपलब्धि क्राइम को लेकर बैठक की गई है। नए साल के इन तीन माह में क्राइम रेट में 20 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। वहीं मर्ग पेंडेंसी में 23 फीसदी तक कमी आई है। थानों की मर्ग पेंडेंसी 2600 से घटकर 2000 तक आ गई है। एसपी पल्लव ने बताया कि नए साल में दुर्ग पुलिस को कुछ बढ़े मामले सुलझाने में सफलता मिली है। दो करोड़ से ज्यादा की चोरी का एक मामला भी पुलिस ने सुलझाया है। अपराध घटित होने के बाद आरोपियों की धरपकड़ में भी दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।
एसपी पल्लव ने बताया कि दुग पुलिस लगातार पब्लिक के साथ समन्वय स्थापित कर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमने अपना पर्सनल वाट्सएप नंबर जारी कर पब्लिक से स्टंट बाजों से लेकर सोशल मीडिया में हथियारों के साथ पोस्ट करने वालों की शिकायत की अपील की थी। इसका भी शानदार रिस्पांश मिल रहा है। लोग जागरुक हैं और ऐसे लोगों की फोटो व वीडियो बनाकर वाट्सएप पर भेज रहे हैं। इसके कारण ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने भी पुलिस को आसानी हो रही है।
पेंडिग मामलों में लाई जाए कमी
बैठक के दौरान एसपी पल्लव ने सभी थाना प्रभारियों को थानों के पेंडिंग केस कम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि थाना क्षेत्र के आदतन बदमाशों पर निगरानी रखा जाए। सट्टा व महादेव बुक आईडी के सटोरियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रखें। इसके अलावा एसपी पल्लव ने धमधा, पाटन व अंडा जाने वाले मुख्य सड़कों पर ड्रंक एंड ड्राइव केस की जांच का भी निर्देश दिया है। एसपी ने बताया कि चिटफंड के 12 कंपनियों की पतासाजी की जा रही है। इन लोगों ने लगभग 500 करोड़ का ट्रांजेक्शन किया है। जल्द ही पुलिस इनको गिरफ्तार करेगी। एसपी ने यह भी बताया कि जनभागीदारी व नगर निगम के सहयोग से आवश्यकतानुसार सीसी टीवी कैमरे में लगाए जा रहे हैं।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनंत कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग वैभव बैंकर, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर निखिल राखेचा, उप पुलिस अधीक्षक अपराध प्रभात कुमार झा, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी आशीष बंछोर, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मणिशंकर चंद्रा, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पाटन देवांश सिंह राठौर, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी धंमधा संजय पुंढीर, उप पुलिस अधीक्षक आईयूसीएडब्ल्यू शिल्पा साहू, उप पुलिस अधीक्षक यातायात सतीश ठाकुर उप पुलिस अधीक्षक एजेके विनोद मींज सहित समस्त थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।



