रायपुर। एक फरवरी को केन्द्रीय बजट पेश होने के बाद कांग्रेस लगातार हमलावर है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस बार के बजट में मनरेगा की राशि में कटौती पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने ट्विट कर भाजपा को मजदूर विरोधी चरित्र बताया। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा गरीबों के मुंह से निवाला छीनकर पूंजीपतियों को देती है।

बता दें केन्द्रीय बजट आने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि यह निर्मला जी का निर्मम बजट है। शनिवार को सीएम भूपेश बघेल ने अपने ट्विटर पर एक पोस्ट किया। इसके जरिए उन्होंने कहा कि जब कोरोना के रूप में मानवता पर बड़ा संकट आया तब मनरेगा जैसी योजना मज़दूरों का संबल बनी, उनकी रीढ़ बनी। इस बार मनरेगा का बजट 89, 400 करोड़ रुपए से घटाकर 60,000 करोड़ रुपया कर दिया गया। यह भाजपा का मज़दूर विरोधी चरित्र है, जो गरीबों के मुंह से निवाला छीनकर पूंजीपतियों को देते हैं। इससे एक दिन पहले सीएम भूपेश बघेल ने कहा था कि केन्द्रीय बजट अमृतकाल का मृत बजट है।




