रायपुर. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सिविल जज के 48 पदों की भर्ती करने के लिए नोटिफिकेशन गुरूवार को जारी किया है। इसकी प्रारंभिक परीक्षा 26 फरवरी को आयोजित करेगा। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी 31 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। पिछले दिनों पीएससी ने डिप्टी कलेक्टर सहित अन्य पदों के लिए वैकेंसी जारी की है। इस नोटिफिकेशन के बाद गुरूवार को सिविल जज भर्ती का नोटिफिकेशन भी आयोग ने जारी कर दिया है।
पद नहीं किए रिजर्व
आयोग ने सिविल जज भर्ती का नोटिफिकेशन तो जारी कर दिया है, लेकिन आरक्षणवार पदों को रिजर्व नहीं किया है। आयोग के अधिकारियों का कहना है, कि सामान्य प्रशासन विभाग से आरक्षण के संबंध में जो नोटिफिकेशन जारी करेगा, उसी के अनुसार सीटों का बंटवारा कर दिया जाएगा।
दो सौ पदों पर होगी भर्ती
आयोग ने राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2022 के नोटिफिकेशन 26 नवंबर को जारी किया था। इस नोटिफिकेशन में 189 पदों में आरक्षणवार सीटों का उल्लेख नहीं था। आयोग ने इसके बाद डीएसपी की 10 और लेबर और ट्राइबल अफसर के एक पद को जोड़़ा है और अब पदों की संख्या 200 हो गई है।