भिलाई। मुंख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भिलाई प्रवास के दौरान भिलाई नगर थाना के अंतर्गत रुआबांधा पुलिस चौकी का शुभरंभ किया। शुभारंभ के बाद बुधवार को दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर व एसएसपी विजय अग्रवाल की मौजूदगी में चौकी का कामकाज शुरू हुआ। चौकी के अंतर्गत रूआबांधा बस्ती, मायानगर, एचसीएल कॉलोनी, सेक्टर क्षेत्र, एनएसपीसीएल कॉलोनी, तलपुरी ए एवं बी ब्लॉक, मंडी तथा नवनिर्माण कॉलोनी सी ब्लॉक सम्मिलित किए गए हैं। नए पुलिस चौकी के शुरू होने पर इन सभी वार्डों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।
नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा के प्रारंभ होने से क्षेत्र में पुलिस की नियमित उपस्थिति, सतत निगरानी एवं त्वरित पुलिस सहायता सुनिश्चित होगी। बढ़ती आबादी, क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति तथा नागरिकों से प्राप्त शिकायतों को ध्यान में रखते हुए चौकी की स्थापना की गई है। इससे पांच वार्डों के नागरिकों को पुलिस सेवाओं तक आसान पहुंच मिलेगी तथा अपराधों की रोकथाम एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी। पुलिस चौकी के अंतर्गत विधानसभा दुर्ग ग्रामीण के वार्ड क्रमांक 01, 02, 03, 04 एवं 05 के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर पुलिस सहायता उपलब्ध होगी।

पुलिस चौकी की आवश्यकता एवं स्थापना का उद्देश्य
रुआबांधा क्षेत्र में छोटी-छोटी बातों को लेकर मारपीट, आपसी विवाद, चोरी, नशे के अवैध कारोबार एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों से संबंधित शिकायतें प्राप्त होती रही हैं। विशेष रूप से शनिवार बाजार में अत्यधिक भीड़ होने के कारण चोरी, विवाद एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। क्षेत्र की बढ़ती आबादी, भौगोलिक विस्तार एवं नागरिकों की सुरक्षा की आवश्यकताओं को देखते हुए पुलिस की स्थानीय उपस्थिति बढ़ाने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से नवीन पुलिस चौकी रुआबांधा प्रारंभ की गई है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, नशे के अवैध कारोबार, चोरी अथवा अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस चौकी रूआबांधा के माध्यम से क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए दुर्ग पुलिस प्रतिबद्ध है।





