जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में सोमवार की सुबह युवक ने मालगाड़ी के सामने कूदकर जान दे दी। घटना जगदलपुर- विशाखापट्नम रेलवे ट्रैक पर लामनी के पास की है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। घटना बोधघाट थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह जगदलपुर से विशाखापत्तनम की ओर जाने वाली मालगाड़ी स्टेशन से निकलकर लामनी रेलवे ट्रैक के पास पहुंची तभी अचानक एक युवक आत्महत्या करने के लिए ट्रेन के सामने कूद गया। जब तक लोको पायलट कुछ समझ पाता युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। घटना के बाद लोको पायलट ने ट्रेन रोककर अधिकारियों को सूचना दी।
इसके बाद घटना की सूचना बोधघाट पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शरुआती कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक की शिनाख्ती का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल युवक ने आत्महत्या क्यों की इसकी जानकारी नहीं लग पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




