रायपुर। हुक्काबार को लेकर प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल काफी सख्त हैं। मंगलवार को गृह विभाग की समीक्षा बैठक में भी इसे लेकर सीएम बघेल ने कड़े निर्देश जारी किए थे। इस बीच मंगलवार की देर रात सायबर सेल एवं थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने एक ऐसे शातिर को गिरफ्तार किया जिसने अपने मकान के पास ही हुक्का बार का बिजनेश शुरू कर दिया।
पुलिस जब इस सख्श के पास पहुंची तो हुक्का व उससे संबंधित सामग्री का जखीरा देख होश उड़ गए। पुलिस ने यहां से लगभग 50 लाख रुपए का हुक्का व उससे जुड़ी सामग्री जब्तक की। वहीं संचालक के खिलाफ धारा 4/21, 6/24 सिगरेट व तम्बाकू उत्पाद विमापन का प्रतिषेध व व्यापार तथा वाणिज्य उत्पाद का वितरण विनियमन कोटपा अधिनियम 2003 के तहत् कार्रवाई करने के साथ ही आरोपी के विरूद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत् भी कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात सायबर सेल की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना खम्हारडीह क्षेत्रांतर्गत स्थित राजीव नगर में एक व्यक्ति अपने मकान के पास हुक्का पिलाने के साथ ही हुक्का से संबंधित सामग्रियों की बिक्री भी कर रहा है। सूचना पर सायबर सेल एवं थाना खम्हारडीह की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर द्वारा बताये गए पते जाकर देखने पर पाया गया कि एक व्यक्ति लोगों को हुक्का पिलाने की तैयारी कर रहा है जिस पर पुलिस टीम द्वारा अपना पाईंटर भेजकर हुक्का से संबंधित सामग्री का टेस्ट पर्चेस भी कराया गया, टेस्ट पर्चेस के दौरान उक्त व्यक्ति द्वारा हुक्का से संबंधित सामग्री की बिक्री करना पाया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ करने पर सख्श ने अपना नाम अशोक मंधानी बताया।
पुलिस की पूछताछ में अशोक मंधानी ने बताया कि उसने अपने मकान में हुक्का से संबंधित सामग्रियों को रखा है। मकान में छापा मार कार्रवाई करने पर 3 अलग-अलग कमरों में लाखों रुपए कीमत की हुक्का से संबंधित सामग्रियों का भण्डारण पाया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा मांग के आधार पर हुक्का बार में एवं लोगों को सामग्रियों का बिक्री करने के साथ ही लोगों को हुक्का पिलाने की बात मानी। इसके बाद अशोक मंधानी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से विभिन्न प्रकार के कुल 3,000 पैकिंग हुक्का पार्टस, 1100 नग पाईप, 1000 नग चिलम पाईप, 1 क्विंटल 50 किलोग्राम विभिन्न हुक्का फ्लेवर्स तथा अन्य सामग्री जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 50 लाख रुपए आंकी गई है।
आरोपी से जब्त हुक्का से संबंधित सामग्रियों की मात्रा अधिक होने के कारण हुक्का सामग्रियों को आरोपी के मकान के 03 अलग – अलग कमरों में रखकर कमरों को सील किया गया है। संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक गिरीश तिवारी प्रभारी सायबर सेल, निरीक्षक मंजूलता राठौर थाना प्रभारी खम्हारडीह, सायबर सेल से प्रआर सरफराज चिश्ती, आर कृपासिंधु पटेल, प्रमोद बेहरा, राजिक खान तथा थाना खम्हारडीह से सउनि रमेश यादव एवं आर. सचिन पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिंका रहीं।




