भिलाई। शास्त्री नगर वार्ड क्रं. 27 में आज दोपहर हालात अचानक बिगड़ गए। यहां दो लोगों को फर्जी वोटिंग की कोशिश के आरोप में पकड़ा गया। हालात इस कदर बिगड़े कि कांग्रेस व भाजपा के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। तत्काल अतिरिक्त बल बुलाया गया। प्रशासन व पुलिस के आला अफसर भी मौके पर पहुंच गए। अभी यह मामला चल ही रहा था कि भाजपा के लोगों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थक लोग मतदाताओं को जबरदस्ती पकड़-पकड़कर कांग्रेस के पक्ष में वोटिंग करने को कह रहे हैं। इसके बाद हालात एक बार फिर अनियंत्रित होने लगे। हालांकि प्रशासन व पुलिस ने स्थितियों को संभाला। इसके बाद मतदान के लिए परिचय-पत्र को अनिवार्य कर दिया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि कांग्रेस के लोग फर्जी मतदान करवा रहे हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी ने ऐसे आरोपों को दरकिनार किया।
उल्लेखनीय है कि शास्त्री नगर वार्ड में आज सुबह से ही मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। वार्ड के कई क्षेत्रों में वार्डवासियों ने परिवर्तन लहर के संकेत दिए। इस वार्ड से कांग्रेस के जोहन सिन्हा लगातार चुनाव जीतते रहे हैं। खबर है कि मतदान की पूर्व रात्रि बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने जोहन सिन्हा के खिलाफ खूब नारेबाजी आदि भी की थी।
भाजपा ने इस वार्ड से लक्ष्मी साहू को मैदान में उतारा है। श्रीमती साहू पिछले चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भाग्य आजमा चुकीं हैं। उस वक्त भी उन्होंने कड़ी टक्कर दी थी। इस बार भाजपा प्रत्याशी होने के कारण कांग्रेस के लिए मामला चुनौतीपूर्ण हो गया है। इधर, दोपहर तक सभी 9 मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की लम्बी लाइन लगी रही। मतदाताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।




