जम्मू (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के त्राल चौक में आतंकियों द्वारा बस स्टैंड पर ग्रेनेड हमला किया गया। इस हमले में वहां तैनात सीआरपीएफ जवानों या किसी अन्य को कोई नुकसान नहीं हुआ है। सीआरपीएफ का कहना है कि बस स्टैंड पर हुए ग्रेनेड हमले में आतंकियों द्वारा सीआरपीएफ को निशाना नहीं बनाया गया था। इस हमले में किसी भी जवान को कोई चोट या नुकसान नहीं हुआ है।

गौरतलब है कि रविवार को जम्मू संभाग के राजोरी जिले में भी एक महिला सरपंच के घर के बाहर रहस्यमयी धमाका हुआ है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सरपंच ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बता दें कि जिले के अंद्रेला गांव में एक सरपंच के घर के बाहर देर रात एक रहस्यमयी कम तीव्रता वाला विस्फोट हुआ। जिसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटना की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में घर की दीवार और पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।




