रायपुर। छत्तीसगढ़ में विदेशों से आए दो व्यक्ति फिलहाल कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित नहीं पाए गए हैं। ब्रिटेन और मालदीव से लौटे बिलासपुर के दोनों व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिले थे, अब उनकी जीनोम सिक्वेंसिंग रिपोर्ट निगेटिव आई है। यह कोरोना रिपोर्ट एक सप्ताह बाद आई है।

छत्तीसगढ़ में पैनडेमिक कंट्रोल के डायरेक्टर डॉ. सुभाष मिश्रा ने बताया, 27 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक विदेश से 953 लोगों के छत्तीसगढ़ आने की सूचना मिली है। उनमें से अबतक अधिकतर की जांच की जा चुकी है। सभी को क्वारंटीन किया जा चुका है।
बिलासपुर के दो लोगों की रिपोर्ट पहले कोरोना टेस्ट कराने पर पॉजिटिव आई थी। उनके सैंपल को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भुवनेश्वर भेजे गए थे। जांच के बाद शनिवार को उसकी रिपोर्ट आ गई। रिपोर्ट में दोनों में कोरोना का ओमिक्रॉन वेरिएंट नहीं पाया गया है।
डॉ. सुभाष मिश्रा ने कहा, अभी तक कोई खतरा नहीं दिख रहा है, लेकिन लोगों की आवाजाही को देखते हुए सावधान रहने की और ज्यादा जरूरत है। उन्होंने कोरोना रोकथाम के लिए जारी दिशा निर्देशों का पालन करने, मास्क लगाने और भीड़भाड़ से बचने की सलाह दी है।
बिलासपुर के दोनों मरीजों पर एफआईआर भी करानी पड़ी
पैनडेमिक कंट्रोल के डायरेक्टर डॉ. सुभाष मिश्रा ने बताया, बिलासपुर में विदेश से लौटे जो दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, उनके खिलाफ प्रशासन ने महामारी एक्ट के तहत एफआईआर भी कराई है। दरअसल, दोनों मरीज जांच के बाद क्वारंटीन होने की जगह यात्रा पर चले गए थे।
कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने संपर्क किया तो पता चला कि वे मुंबई और दूसरी जगहों पर पहुंच गए। दोनों को वापस लौटने को कहा गया तो वे आनाकानी करने लगे। उसके बाद जब एफआईआर दर्ज की गई तो दोनों वापस आए।




