दुर्ग। दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा ने वार्ड स्तर पर सफाई न होने और कई तरह की समस्याओं के कारण गंदगी होने की शिकायतों का तत्काल समाधान करने निगम अफसरों को कड़े निर्देश दिये हैं। वोरा ने कहा कि न्यू सुंदर नगर बोरसी वार्ड 52 में सीवरेज का गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है। बारिश के दौरान यह समस्या और बढ़ जाती है। नाली का निर्माण न होने और गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था न होने के कारण स्थानीय नागरिक गंदगी और सड़क पर पानी भरने से आवाजाही में दिक्कतों के कारण बेहद परेशान होते हैं। वोरा ने निगम कमिश्नर से कहा है कि वे स्वयं प्रशासनिक अमले के साथ मौका निरीक्षण करें और समस्या का समाधान करने जरूरी कार्रवाई करें।
दरअसल, आज वोरा से बोरसी के नागरिकों ने मुलाकात की और सीवरेज के गंदगी की समस्या से अवगत कराते हुए शीघ्र निराकरण करने जरूरी निर्देश देने की मांग की। नागरिकों ने बताया कि कदम प्लाजा के पास मधुबन नगर, प्रदीप्त नगर और बोरसी की तरफ से गंदा पानी न्यू सुंदर नगर में निवास करने वाले रहवासियों को गंदे पानी की समस्या से परेशान होना पड़ता है। यहां गंदे पानी की निकासी के लिए नाली का निर्माण नहीं किया गया है। कदम प्लाजा के पास बनी नाली की निकासी धनोरा स्थित सूरज नर्सरी के पास से नहीं हो पा रही है।
बारिश के समय सड़क का हाल ऐसा
वार्ड 52 के नागरिक सुंदरलाल, रामजी कोरी, राकेश चौरसिया, बलवंत सिंह, हरीश शर्मा, दीपक भिड़े, तान्या साहू, धर्मेंद्र वर्मा, नागदेव साहू, सीके राजपूत सहित अन्य नागरिकों ने वोरा से सीवरेज की निकासी की व्यवस्था कराने और बारिश से पहले नई नाली का निर्माण कराने की मांग की है। वोरा ने इसी संबंध में निगम कमिश्नर को निर्देश देते हुए नागरिकों की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिये हैं।




