भिलाई। देशभर के MY FM स्टेशनों के बीच आयोजित प्रतिष्ठित MY FM Hero Awards में इस वर्ष सैयद जिशान अली को Best MarCom (Marketing & Communication) Category में Gold Award से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पूरे वर्ष किए गए कार्यों, नवाचारों, अभियानों की सफलता तथा संगठन में दिए गए योगदान के मूल्यांकन के आधार पर प्रदान किया जाता है। विशेष बात यह है कि सैयद जिशान अली ने यह प्रतिष्ठित गोल्ड अवॉर्ड लगातार पांचवीं बार अपने नाम किया है। यह उपलब्धि उनके समर्पण, मेहनत, रचनात्मक सोच और उत्कृष्ट कार्यशैली का प्रमाण है।
जयपुर में आयोजित भव्य समारोह में देशभर के MY FM स्टेशनों से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में यह सम्मान प्रदान किया गया। Best MarCom श्रेणी में गोल्ड अवॉर्ड प्राप्त कर सैयद जिशान अली ने न केवल अपने स्टेशन बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। संगठन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि जिशान ने वर्षभर विभिन्न ब्रांडिंग, मार्केटिंग और कम्युनिकेशन अभियानों के माध्यम से उल्लेखनीय परिणाम दिए हैं। उनकी रणनीतिक सोच, नवाचार और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता ने उन्हें लगातार सफलता दिलाई है।
लगातार पांच वर्षों तक इस प्रतिष्ठित सम्मान को हासिल करना MY FM के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह सम्मान दर्शाता है कि सैयद जिशान अली अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित कर रहे हैं और युवा पेशेवरों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। सैयद जिशान अली ने इस सम्मान का श्रेय अपनी टीम, सहयोगियों और MY FM प्रबंधन के विश्वास को देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करती रहेगी।




