कोंडागांव। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के बस्तर प्रवास के दौरान कोंडागांव स्थित आयुष योग वेलनेस सेंटर में छात्राओं एवं युवतियों के लिए योगाभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सुबह बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने छात्राओं को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने युवतियों को योग के साथ-साथ आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आज के समय में बेटियों का शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त होना बेहद आवश्यक है। योग एवं मार्शल आर्ट जैसे प्रशिक्षण के माध्यम से युवतियां आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बन सकती हैं। इससे वे न केवल अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक होंगी, बल्कि भविष्य में समाज और प्रदेश का नाम भी रोशन कर सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ योग आयोग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं, योग प्रशिक्षण की संभावनाओं तथा छात्राओं एवं युवतियों को इन योजनाओं के माध्यम से मिलने वाले लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें योग एवं आत्मरक्षा के प्रशिक्षण से जुड़कर अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने और समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. दुर्गा साहू (प्रेग्नेंसी योग विशेषज्ञ), पूजा साहू (योग शिक्षिका एवं कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर), चंचल डिकसेना (मार्शल आर्ट चैंपियन एवं ट्रेनर), देवीलाल पटेल (निज सचिव) एवं अरुण कुमार साह (सहायक अधीक्षक) उपस्थित रहे। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ योग आयोग के मीडिया प्रभारी सीमांत कश्यप भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
योग, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा के माध्यम से बेटियों को सशक्त बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा।





