रीवा। सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा लड़की को पीटने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों प्रेमी प्रेमिका लग रहे हैं और लड़की ने शादी की बात की। इसपर युवक इतना गुस्सा हो गया कि युवती को लात-जूते इतना पीटा कि वह बेहोश हो गई। यही नहीं इस घटना का वह वीडियो भी बनवा रहा था। सोशल मीडिया में वीडियो के वायरल होने के बाद एमपी पुलिस एक्टिव हुई और प्रेमी के साथ ही वीडियो बनाने वाले साथी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम पंकज त्रिपाठी (24) है और वीडियो वायरल करने वाले युवक का नाम भारत साकेत है।

बताया जा रहा है कि यह घटना रीवा के मऊगंज इलाके का है। 19 वर्षीय युवती के साथ बेरहमी से मारपीट का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें प्रेमी पंकज त्रिपाठी ने युवती की बेरहमी से पिटाई की थी। दरअसल प्रेमिका अपने उससे शादी करके साथ चलने की जिद कर रही थी। इससे नाराज होकर प्रेमी ने बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए पहले तो प्रेमिका को जोरदार तमाचा मारा फिर जमीन पर पटककर लातों से उसके मुंह और शरीर पर हमला किया। साथ में उसे मुक्के भी मारे। इससे लड़की बेहोश हो गई।
शादी की बात पर गुस्साया था प्रेमी
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रेमी प्रेमिका गांव की सुनसान कच्ची सड़क पर खड़े थे। प्रेमिका अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी। उसका कहना था कि शादी करके साथ चलते हैं। यह बात प्रेमी को नागवार गुजरी और देखते ही देखते उसने प्रेमिका के साथ गाली-गलौच करते हुए बेरहमी से पिटाई कर दी। पिटाई के चलते लड़की घंटों बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़ी रही। इसके बाद मौके पर गांव वाले पहुंचे और लड़की को अस्पताल पहुंचाया। घटना ने तब तूल पकड़ा जब इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। सोशल मीडिया यूजर्स भी युवक की इस हरकत से गुस्से में हैं और उसे कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।




