रायपुर. झारखंड के सियासी संकट में एक और नया मोड़ आ गया है। झारखंड से रायपुर पहुंचे जेएमएम और कांग्रेस के 32 विधायक रविवार की को विशेष विमान से रांची के लिए रवाना हो गए। इन विधायकों को ले जाने के लिए झारखंड सरकार के मंत्री सत्यानंद भोक्ता रायपुर आए थे। सोमवार को हेमंत सोरेन की सरकार को विधानसभा में बहुमत सिद्ध करना है। इसके पहले रविवार को राजधानी रांची में छत्तीसगढ़ से लौटे विधायकों की अगुवानी के लिए मंत्री मिथिलेश ठाकुर मौजूद थे। एयरपोर्ट पर विधायकों के लिए कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। विधायकों को रांची में स्टेट गेस्टहाउस और सर्किट हाउस में ठहराया गया है।

आज है विधानसभा का विशेष सत्र
सोमवार को झारखंड में विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। इस सत्र में हेमंत सोरेन सरकार विश्वास प्रस्ताव पेश कर बहुमत सिद्ध करेगी। नवा रायपुर के रिसोर्ट में रविवार की दोपहर 3 बस रांची के विधायकों को लेने रायपुर पहुंची थीं। सीएम भूपेश बघेल के निर्देश पर रिसोर्ट और एयरपोर्ट दोनों जगह सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। दोपहर करीब तीन बजे विधायक बस में सवार होकर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां विशेष विमान में बैठकर विधायक रांची के लिए रवाना हुए। बता दें कि 30 अगस्त को रांची से महागठबंधन के 32 विधायक रायपुर आए थे, लेकिन इसके एक दिन बाद कांग्रेस कोटे के सभी मंत्री वापस रांची आ गए थे। बतां दें कि पिछले 15 दिन से चल रहे झारखंड के सियासी संकट पर पूरे देश की नजर बनी हुई है।





