रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले शैक्षणिक सत्र से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब प्रदेश के स्कूल 16 जून के बजाय 1 अप्रैल 2027 से खुलेंगे। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। शिक्षा विभाग के अनुसार इस बदलाव से स्टूडेंट्स को पढ़ाई के लिए ज्यादा समय मिलेगा, समय पर सिलेबस पूरा कराया जा सकेगा और बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में भी सुधार आएगा।

स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश में अब शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से 31 मार्च तक प्रभावी रहेगा। यह व्यवस्था सीबीएसई सहित अन्य राष्ट्रीय शिक्षा बोर्डों की तर्ज पर लागू की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत 1 अप्रैल से स्कूल खुलेंगे। इसी दौरान प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी और स्टूडेंट्स को पुस्तकें, यूनिफॉर्म और साइकिल दिया जाएगा। इसके बाद 1 मई से 15 जून तक गर्मी की छुट्टियां रहेंगी। अब तक प्रदेश में नया शिक्षा सत्र 16 जून से शुरू किया जाता रहा है।
सीबीएसई की तर्ज पर होगा नया शिक्षा सत्र
स्कूल शिक्षा विभाग का मानना है कि अब तक सीबीएसई स्कूलों और सीजी बोर्ड स्कूलों के शैक्षणिक कैलेंडर में करीब ढाई महीने का अंतर रहता था। सीबीएसई स्कूल अप्रैल से पढ़ाई शुरू कर देते हैं, जबकि सीजी बोर्ड स्कूल जून के मध्य में खुलते हैं। इस अंतर के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, बोर्ड परीक्षा की रणनीति और पाठ्यक्रम पूरा करने में भी फर्क दिखाई देता था। अब दोनों व्यवस्थाओं के बीच यह अंतर काफी हद तक समाप्त हो जाएगा।
देखें आदेश





