भिलाई। दुर्ग जिले में इन दिनों कार व बाइक पर स्टंटबाजी करने वालों पर पुलिस काफी सख्त हो गई है। सड़क पर तो कार्रवाई आम है लेकिन दुर्ग की यातायात पुलिस सोशल मीडिया के जरिए मिल रही शिकायतों पर भी गंभीर है। लगातार ऐसे मामलों में कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को एक कार चालक युवक पर कार्रवाई की गई। कार सवार युवक कार की सनरूप से बाहर निकलकर लापरवाही पूर्वक कार चला रहे थे।

यातायात डीएसपी सतीश ठाकुर ने बताया कि 26 जनवरी को कार क्रमांक CG 07, CJ 7201 पर दो युवक सनरूप से बाहर निकलकर कार की छत पर बैठकर स्टंटबाजी कर रहे थे। इस कार को कोई और चला रहा था। वीडियो सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने कार को सर्चिंग में डाला। सोमवार को कार व कार के सनरूप से स्टंट करने वाले दोनों युवकों को यातायात मुख्यालय बुलाया गया और इनका धारा 184 के तहत 2000 रुपए का चालान काटा गया। साथ ही इनका लाइसेंस भी तीन माह के लिए सस्पेंड कर दिया गया। भविष्य में इस प्रकार की स्टंटबाजी नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।




