भिलाई। अमलेश्वर में बुधवार को क्रिकेट के खेल में पिस्तौल चल गई। एक टीम के कप्तान ने आउट होने पर हुटिंग से चिढ़कर सामने वाले युवक पर पिस्तौल तानकर दो बार हवाई फायर कर धमकाया। इसकी जानकारी होते ही अमलेश्वर पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और हवाई फायर करने वाले बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अमलेश्वर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 338 भादवि, 27 (1) 30 आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम सांकरा थाना अमलेश्वर स्थित मैदान में एवेंजर्स क्रिकेट टीम एवं टाटीबंध टाईगर टीम के खिलाडियों के बीच मैच हो रहा था। मैच के दौरान टाटीबंध टाईगर टीम के कप्तान दुर्गा दास लालवानी आउट हो गया। इसके बादऐवेंजर्स क्रिकेट टीम के सहयोगियों ने मैदान के बाहर से हुटिंग करना शुरू कर दिया। हुटिंग से चिढ़े दुर्गा दास मैदान के बाहर आकर एवेंजर्स के सहयोगियों से विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद तैस में आते हुए अपनी फार्चुनर कार से लाइसेंसी पिस्टल निकाल कर एमआईजी 191 टाटीबंद निवासी रूपेश कुमार सिंह पर तान दी। इसके बाद धमकाते हुए दो बार हवाई फायर भी किया।
हवाई फायर की सूचना मिलते ही अमलेश्वर थाना के प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां पहुंचते ही आरोपी दुर्गा दास लालवानी को हिरासत में लेकर अन्य खिलाडिय़ों को थाने लाकर पूछताछ की गई। हवाई फायर करने के बाद आरोपी ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल को अपने ड्राईवर को देकर रायपुर रवाना कर दिया था। अमलेश्वर पुलिस ने रेड कार्यवाही कर पिस्टल एवं लायसेंस जब्त कर लिया है। वहीं आरोपी दुर्गा दास को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया जा रहा है।




