रायपुर। छत्तीसगढ़ के 23 वें स्थापना दिवस समारोह की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरूवार की शाम को महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने साइंस कालेज मैदान पहुंचे। मुख्यमंत्री बघेल ने छत्तीसगढ़ शासन के सभी विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टालों के स्थल का भी निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों को तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

गौरतलब है कि 1 से 3 नवंबर तक राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन साइंस कालेज मैदान में किया जा रहा है। राज्योत्सव एवं राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव को भव्य रूप से मनाने की तैयारी की जा रही है और इसके लिए साइंस कालेज मैदान में तैयारियां जोरों पर हैं। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के लिए सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों सहित 9 देशों के 1500 आदिवासी कलाकार अपनी प्रस्तुति देने के लिए छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।




