रायगढ़। छत्तीसगढ़ में पति के अवैध संबंधों का विरोध करने पर शख्स ने अपनी ही पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद पति ने इसे हादसे का रूप देने का पूरा प्रयास किया लेकिन पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में सारी सच्चाई सामने आ गई। पुलिस का पहला शक पति पर ही था। पीएम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने पति को हिरासत में लिया। पूछताछ में सारी बात क्लीयर हो गई और आरोपी पति को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
घटना रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। दिवाली के दूसरे दिन बनेकेला गांव निवासी किशोर पटेल (34) ने अपनी ससुराल में अपनी पत्नी उर्मिला के मौत की सूचना दी। उसने अपने ससुराल में बताया कि उसकी पत्नी की मौत सीढ़ियों से गिरने के कारण हुई है। मृतका उर्मिला 9 माह की गर्भवती थी और उसकी इस तरह मौत से परिजन भी सकते में थे। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया।

पीएम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस हैरान रह गई। दरअसल रिपोर्ट में बताया कि महिला की मौत गला घोंटने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने उसके पति किशोर पटेल को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। पुलिस पूछताछ में किशोर पटेल ने सारी सच्चाई उगल दी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका गांव की ही एक महिला से अवैध संबंध है और उसकी पत्नी उर्मिला इसका विरोध करती थी। इसे लेकर अक्सर उसका विवाद हो रहा था। आखिरकार उसने दिवाली के दूसरे दिन पूरी प्लानिंग के साथ अपनी पत्नी की हत्या की और हादसे का रूप देना चाहा।




