दुर्ग। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के बेलौदी गांव में शिवनाथ एनिकट में गुरुवार को युवक का शव तैरता दिखाई। लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची जेवरा सिरसा पुलिस ने एसडीआरएफ को सूचना दी। एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव का रेस्क्यू शुरू किया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने शव को बाहर निकाला। शुरुआती जांच के बाद पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। जेवरा सिरसा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान शंकर नगर दुर्ग निवासी थानेन्द्र देवांगन पिता रमेश देवांगन के रूप में हुई है। जेवरा सिरसा पुलिस ने बताया कि युवक थानेन्द्र बुधवार शाम को घर से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बेलौदी के एनिकट में किसी युवक का शव तैर रहा है। इसके मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ को सूचना दी और शव को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया।
जेवरा सिरसा थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। मृतक के परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि युवक कोई काम धाम नहीं करता इसके कारण परिजनों से अक्सर उसका विवाद होता रहता था। बुधवार शाम को वह अपना मोबाइल अन्य सामान छोड़कर निकला था। परिजन इस सोच में थे कि इधर-उधर घूमने के बाद वह लौट आएगा। युवक के शव का रेस्क्यू करने वाली एसडीआरएफ दुर्ग की टीम में राजू महानंद, दिलीप, हबीब खान, विनय यादव, हेमराज मरावी, राजेश यादव, दिनेश चंद्राकर, शकील खान आदि शामिल रहे।



