
भिलाई। छत्तीसगढ़ बॉल बैडमिंटन संघ व स्टार स्पोट्र्स क्लब उतई द्वारा आयोजित 20 वीं छत्तीसगढ़ सीनियर राज्य स्तरीय बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला) 2020- 21 का समापन समारोह रविवार रात को फाइनल मुकाबलों के साथ हुआ। महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला दुर्ग डिस्ट्रिक्ट व भिलाई निगम के बीच हुआ जिसमें दुर्ग डिस्ट्रिक्ट ने भिलाई निगम को परास्त करते हुए खिताब जीता। वहीं पुरुष वर्ग में दुर्ग निगम व महासमुंद के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया जिसमें दुर्ग निगम ने महासमुंद को परास्त करते हुए खिताब जिता।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू उपस्थित हुए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेलों के विकास एवं बालिकाओं को विशेष सुविधाएं प्रदान कर खेल के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर बनाने पर कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में खेल और खिलाडिय़ों को लेकर प्रदेश सरकार बेहद संवेदनशील है और खिलाडिय़ों की सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं की जाएगी। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू समापन समारोह में महिला व पुरुष वर्ग की टीमों को विजेता ट्राफी देते हुए शुभकामनाएं दी। वहीं इस प्रतियोगिता का आयोजन के लिए उतई स्टार स्पोट्र्स क्लब द्वारा किया गया था जिसके लिए छत्तीसगढ़ बॉल बैडमिंटन के सभी पदाधिकारी एवं खिलाडिय़ों द्वारा उन्हें धन्यवाद एवं बधाई दी।
35-33 व 35-31 से जीता महिला वर्ग
महिला वर्ग में फाइनल मैच दुर्ग डिस्ट्रिक्ट विरुद्ध भिलाई निगम के मध्य खेला गया। दुर्ग डिस्ट्रिक्ट ने भिलाई निगम को 35-33, 35-31 से परास्त कर खिताब पर कब्जा किया। महिला वर्ग का पहला सेमी फाइनल मैच उतई स्टार स्पोट्र्स क्लब विरुद्ध भिलाई निगम, भिलाई निगम ने यह मैच 33-29 35-17 से जीता। दूसरा सेमीफाइनल मैच दुर्ग डिस्ट्रिक्ट विरुद्ध गरियाबंद जिला के मध्य खेला गया। इस मैच में दुर्ग डिस्ट्रिक्ट में गरियाबंद को 35-27 35-13 से परास्त कर फाइनल में जगह बनाई।
नजदीकी रहा पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला महासमुंद डिस्ट्रिक्ट विरुद्ध दुर्ग निगम के मध्य खेला गया। यह मैच बहुत ही संघर्षपूर्ण रहा इसमें दुर्ग निगम ने 35-27, 35-31 से महासमुंद जिले को परास्त कर खिताब पर कब्जा किया। पुरुष वर्ग में पहला सेमीफाइनल मुकाबला महासमुंद डिस्ट्रिक्ट विरुद्ध दुर्ग डिस्ट्रिक्ट खेला गया। महासमुंद डिस्ट्रिक्ट ने अच्छे खेल का प्रदर्शन करते हुए दुर्ग डिस्ट्रिक्ट को 35-27, 35-25 से परास्त किया। दुर्ग जिले की टीम ने भी बहुत अच्छा प्रदर्शन किया एवं सारे नवोदित खिलाडिय़ों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। दूसरे सेमीफाइनल में दुर्ग निगम ने राजनांदगांव डिस्ट्रिक्ट को 35-31, 36-34 से परास्त कर फाइनल में जगह बनाई।





