भिलाई। केन्द्र सरकार लाए गए कृषि विधेयकों के विरोध में गांधी जयंती के मौके पर प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार किसान मजदूर बचाओ अभियान शुरू किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई द्वारा इस मौके पर शहर में जगह जगह प्रदर्शन किए गए। सुपेला घड़ी चौक पर विरोध प्रदर्शन के साथ ही राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से किसान विरोधी इन विधेयकों को वापस लेने की मांग की गई। कार्यक्रम में विधायक व महापौर देवेन्द्र यादव, पूर्व मंत्री बदरूद्दीन कुरैशी, पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी सहित जिला व ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों सहित पूर्व मंत्री विधायक व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई की अध्यक्ष श्रीमती तुलसी साहू ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा किसान विरोधी बिल लाया गया है जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है। आज जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के नेतृत्व में जगह जगह विरोध प्रदर्शन किया गया। 31 अक्टूबर तक जिले में यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा और इस दौरान हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर विशेष रूप से कार्यक्रम प्रभारी महेश जायसवाल, निरंजन बिसाई सहित वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मोहनलाल गुप्ता, सुभाष साव, सुजीत साव, सुमन सिन्हा, लादूराम सिन्हा, निलेश चौबे, जानकी साहू सहित बड़ी संख्या में कांगेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




