भिलाई. यूजीसी नीट (NEET UG 2022) में इस बार हरियाणा की बेटी टॉपर बनी है। हरियाणा के नारनौल की रहने वाली तनिष्का ने देशभर में पहली रैंक हासिल करते हुए इतिहास रच दिया है। तनिष्का को 720 में से 715 अंक मिले हैं। वहीं दिल्ली के आशीष बत्रा ने दूसरी रैंक और कर्नाटक के ऋषिकेश नागभूषण गंगुले को तीसरी रैंक हासिल की है। यह पहली बार है जब हरियाणा की कोई बेटी नीट की टॉपर बनी है। देशभर में अव्वल आने वाली तनिष्का ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान कॉन्फिडेंस में थोड़ी कमी आई थी। पैरेंट्स और टीचर्स की मदद से उन्होंने इस मुश्किल वक्त में खुद को संभाल लिया।
बचपन से बनना चाहती हूं डॉक्टर
ऑल इंडिया टॉपर तनिष्का ने कहा, ‘मैं बचपन से ही डॉक्टर बनना चाहती हूं। क्योंकि यह एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें आप दूसरों की मदद करके खुद को स्थापित कर सकते हैं। मैंने 11वीं क्लास से तैयारी शुरू कर दी थी। मेरे पैरेंट्स ने कभी मुझे पढ़ाई को लेकर दबाव नहीं बनाया, बल्कि हमेशा मोटिवेट किया। कोचिंग और स्कूल के अलावा मैं हर दिन 6-7 घंटे सेल्फ स्टडी करती थी। हर दिन जो पढ़ाया जा रहा है, उसका रिवीजन करना बहुत जरूरी है। जैसे-जैसे आप आगे बढ़ते हैं, वैसे-वैसे आपको रिवीजन करना चाहिए। यही सक्सेस का मूल मंत्र है।




