भिलाई। दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में गुरूवार देर रात चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। यहां के बांबे आवास उरला स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल के पास आपसी विवाद के बाद युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मोहन नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिव बहादुर सिंह सोनी उर्फ शिवा, उम्र 19 वर्ष, निवासी बांबे आवास उरला, जिला दुर्ग के रूप में हुई। मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि गुरुवार रात करीब 8 बजे के आसपास की यह घटना है। लक्ष्मी कुमार सारथी व शिव बहादुर सिंह सोनी के बीच विवाद हुअ। इस दौरान लक्ष्मी सारथी ने शिव सोनी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल शिवा को तत्काल गंगोत्री अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मोहन नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की पुलिस टीम द्वारा त्वरित पतासाजी कर घटना के चंद घंटों के भीतर आरोपी लक्ष्मी नारायण सारथी, उम्र 20 वर्ष, निवासी हरना बांधा, जिला दुर्ग को पकड़ लिया गया। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।




