जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में आईसीआई से कनेक्टेड संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है। मूलत: पंजाब के तरनतारन जिले का निवासी 23 वर्षीय युवक सेवक सिंह पर पाकिस्तान स्थित आईएसआई को संवेदनशील जानकारी साझा करने का आरोप है। जिले के एसपी विजय कुमार पांडे रविवार को इस संबंध में जानकारी दी है। एसपी ने बताया कि सेवक सिंह पाकिस्तान समर्थित आईएसआई नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में था।
एसपी विजय पाण्डेय ने बताया कि सेवक सिंह को अकलतरा में किराएदार सत्यापन के दौरान पकड़ा गया। उसके द्वारा दी गई जानकारी संदिग्ध लगने पर उसे हिरासत में लिया गया। । वह मिनीमाता चौक के पास एक किराए के मकान में रह रहा था।शुरुआती पूछताछ व दस्तावेजों की जांच के दौरान हैरान कर देने वाले खुलासे हुए। सेवक सिंह के खिलाफ अकलतरा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि उसके मोबाइल फोन की जांच से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सामग्री मिली है। पुलिस को आरोपी के मोबाइल से कई जरूरी डिजिटल सबूत मिले हैं। इसमें वॉट्सएप चैट, वीडियो कॉल के रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग और कुछ अन्य जानकारियां शामिल हैं। पुलिस ने मोबाइल को जब्त कर लिया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि उसके सभी संपर्कों और गतिविधियों की अच्छे से जांच की जा सके।
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान में बैठे ISI समर्थित लोगों के संपर्क में था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह वॉट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए विदेशी नंबरों और संदिग्ध लोगों से लगातार बातचीत करता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर छत्तीसगढ़ के कुछ महत्वपूर्ण लोगों, संवेदनशील जगहों, लोकेशन, वाहनों के नंबर और फोटो-वीडियो जैसी जानकारियां साझा करने का भी संदेह है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।




