कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बच्चे की आश्चर्यजनक तरीके से मौत हो गई। तीन साल का बच्चा अपने घर के पास खेल रहा था। बताया जा रहा है कि बच्चे के मुंह में छिपकली घुस गई और इसके कारण बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिवार में मातम पसर गया है। वहीं घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह पूरा मामला कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है। यहां के नागिनभांटा मोहल्ले में रहने वाले राजकुमार पांडेय का तीन साल का बेटा जगदीश घर के पास खेल रहा था। उसकी मां पास में ही दुकान में कुछ सामान लेने गईं हुई थी। इस दौरान एक छिपकली मासूम के मुंह में घुस गई। छिपकली के मुंह में घुसने से मासूम की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छिपकली के मुंह में घुसने से मौत का यह अलक ही मामला है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की असली वजह का पता चल पाएगा।




