नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत ने 17 सितंबर को कोरोनावायरस से लड़ाई में अहम उपलब्धि हासिल की। देश में शुक्रवार के दिन 2 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई गईं। ष्टशङ्खद्बठ्ठ डैशबोर्ड से मिले डेटा के मुताबिक, भारत में शाम 5.08 बजे तक दो करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज दी गईं (आखिरी आंकड़े आने बाकी)। यह एक दिन के टीकाकरण का रिकॉर्ड है। इसी के साथ भारत चीन के एक दिन के वैक्सिनेशन रिकॉर्ड के करीब पहुंच गया है। चीन में 28 जुलाई 2021 को 2 करोड़ 24 लाख से ज्यादा वैक्सीन डोज दी गई थीं।
केंद्र सरकार और भाजपा के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को यादगार बनाने के मकसद से आज देशभर में वैक्सिनेशन अभियान की घोषणा की थी। इसके लिए 1 लाख 9 हजार से ज्यादा वैक्सिनेशन सेंटर बनाए गए। चौंकाने वाली बात यह है कि देश में 1 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज तो आज दोपहर 1.30 बजे तक ही लग चुकी थीं। जबकि वैक्सिनेशन का पिछला रिकॉर्ड (1 करोड़ 20 लाख डोज) दोपहर करीब 3 बजे तक टूट चुका था।
बता दें कि भारत में लगातार वैक्सिनेशन का रिकॉर्ड टूट रहा है। पहली बार 21 जून को देश में 88.09 लाख लोगों को टीका लगा था। 27 अगस्त को 1 करोड़ 7 लाख डोज दी गईं। इसके बाद 31 अगस्त को 1 करोड़ 35 लाख लोगों को टीका लगाया गया, जो कि आज तक का रिकॉर्ड था। 1 से 11 सितंबर के बीच भी देश में तीन बार एक करोड़ वैक्सीन डोज लगाई गईं। लेकिन शुक्रवार को टीकाकरण में भारत ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। माना जा रहा है कि आखिरी आंकड़े आज रात तक आ पाएंगे।
हर सेकंड दी गईं 527 वैक्सीन डोज, महज 8 घंटे में 1.5 करोड़ का आंकड़ा पार
भारत ने एक दिन के रिकॉर्ड वैक्सिनेशन के साथ सबसे कम समय में एक करोड़ डोज लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, छह घंटे से भी कम समय में एक करोड़ वैक्सीन डोज लगा दी गई थीं। वहीं, 8 घंटे से कम समय में 1.5 करोड़ वैक्सीन डोज लग गई थीं। यानी अगली 50 लाख डोज सिर्फ दो घंटे में ही लगा दी गईं। मंत्रालय ने यह भी बताया कि आज भारत में हर सेकंड 527 कोरोना वैक्सीन की डोज लगी हैं।




