रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग द्वारा राजधानी रायपुर व बिलासपुर के पांच बड़े हॉस्पिटल्स पर बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर के रामकृष्णा केयर हॉस्पिटल के साथ ही पांच अस्पतालों पर कार्रवाई हुई है। इन हॉस्पिटल्स में बिलासपुर के अस्पताल भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इन अस्पतालों में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना व डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के संचालन में गड़बड़ियां पाई हैं जिसके कारण इन अस्पतालों पर कार्रवाई की गई।
संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं-सह-मुख्य कार्यपालन अधिकारी आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना राज्य नोडल एजेंसी, रायपुर के द्वारा ऑडिट में गड़बड़ी पाए जाने वाले पर इन अस्पतालों पर कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं। इनमें नवापारा रायपुर के अंजलि नर्सिंग होम, माहेर हॉस्पिटल व शाह नर्सिंग होम, बिलासपुर के श्रीबालाजी हॉस्पिटल और रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बिलासपुर के श्रीबालाजी हॉस्पिटल को एक साल के लिए निलंबित किया है।
इसी प्रकार नवापारा रायपुर के अंजलि नर्सिंग होम के खिलाफ तीन लाख रुपए का जुर्माना व एक साल का निलंबन आदेश जारी किया गया। इसके अलावा माहेर हॉस्पिटल पर पांच लाख जुर्माना व एक साल का निलंबन तथा शाह नर्सिंग होम के खिलाफ तीन लाख रुपए जुर्माना व एक साल का निलंबन आदेश जारी किया गया है। वहीं रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत इलाज करने वाले मरीजों ने अतिरिक्त राशि लिए जाने का मामला सामने आया। इसके लिए अस्पताल पर छह लाख 16 हजार 834 रुपए जुर्माना लगाया गया। यही नहीं मरीजों से ली गई अतिरिक्त राशि भी वापस कराई गई।




