नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना के नए मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। देश में लगातार पांचवें दिन 40 हजार से ज्यादा कोरोना मामले सामने आए हैं। पहले केवल केरल से अधिक केस आ रहे थे लेकिन अब कर्नाटक, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में कोरोना के मामलों में उछाल देखा जा रहा है। केरल में दैनिक मामलों में सबसे ज्यादा इजाफा हुआ है। यहां एक दिन में 30 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। वहीं, इस राज्य में चार बच्चों की मौत हो गई है, कोरोना संक्रमण के बढऩे से तीसरी लहर की आशंका बढ़ती जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर देश में कोरोना के मामलों में इसी तरह इजाफा जारी रहा तो तीसरी लहर को आने से नहीं रोका जा सकता है।

देश में कोरोना संक्रमण के मामले में सोमवार को मामूली गिरावट आई हैं। बीते 24 घंटे में 42 हजार 909 नए पॉजिटिवि मरीज मिले हैं। जबकि 380 लोगों की मौत हुई। वहीं, 34,763 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई है। वहीं एक्टिव केस 1.15 फीसदी हैं और रिकवरी रेट 97.51 फीसदी पर बना हुआ है। देश में अब तक कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 3.27 करोड़ से अधिक हो गई है। वहीं अब तक 3.19 करोड़ से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। देश में अब तक 4.38 लाख लोगों की मौत कोरोना के कारण हो गई है।
छत्तीसगढ़ में मिले 19 नए केस
छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण को लेकर अब तक राहत है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान 19 नए केस सामने आए। इस दौरान 17 हजार 660 सैंपलों की जांच की गई जिसमें पॉलिटिविटी रेट 0.11 फीसदी रहा। बीते 24 घंटों में 49 मरीज स्वस्थ्य हुए। प्रदेश में अब तक 10 लाख 4 हजार 398 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं अब तक 9 लाख 90 हजार 363 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। इसके साथ ही प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 498 रह गई है। प्रदेश में लगातार पांचवे दिन एक भी मौत नहीं हुई है। प्रदेश में अब तक कुल 13 हजार 555 लोगों की मौत कोरोना से हुई है।
देश में अब तक लगे 63.43 करोड़ टीके
देश में अभी तक 3 करोड़ 19 लाख लोग कोरोना को मात देकर सामान्य जिंदगी जी रहे हैं। हालांकि, तीन करोड़ 27 लाख से ज्यादा लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं, जबकि 4 लाख 38 हजार संक्रमितों ने दम तोड़ दिया है। देश भर में अब तक 63.43 करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना की वैक्सीन लग चुकी है।




