रायपुर। भारत जोड़ो यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार देर शाम श्रीनगर से रायपुर लौट आए। रायपुर एयरपोर्ट पर उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि यह एक सुनहरे अध्याय के रूप में इतिहास में दर्ज हो गयी है। इस मौके पर उन्होंने इस यात्रा में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया।
मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि जब भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई थी तो कुछ लोग कह रहे थे कि यह कैसे होगा। राहुल गांधी कैसे इतनी लंबी पदयात्रा करेंगे। राहुल गांधी ने न सिर्फ पदयात्रा की बल्कि 145 दिनों में ही लक्ष्य पूरा कर लिया। कांग्रेस के साथियों ने इस यात्रा को सफल बनाया है। कन्याकुमारी से कश्मीर तक की इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी जरा भी थके नहीं। राहुल गांधी ने यात्रा का समापन कश्मीर में किया और वहां के लाल चौक में झंडा भी फहराया है।

यूपी में जब उन्हें सुरक्षा नहीं मिली तो हमारे युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के साथियों ने सुरक्षा दी। छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में लोग इस यात्रा से जुडे और कुछ लोग तो शुरू से आखिरी तक राहुल जी के साथ रहे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कश्मीर जाने का मौका मिला तो बर्फबारी भी देखी। सीएम ने कहा कि पहली बर्पबारी देखी और राहुल गांधी ने भी बर्फबारी के बीच अपना भाषण दिया। काफी अच्छा अनुभव रहा।
बजट पर कही यह बात
मीडिया से चर्चा के दौरान सीएम भूपेश बघेल ने केन्द्रीय बजट पर कहा कि इसी बहाने कुछ दिन ट्रेनों का रद्द होना थम जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तक लगातार ट्रेनें रद्द हो रही हैं, रेलवे स्टेशन बिक रहे हैं। ट्रेनों की मांग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। जगदलपुर के लिए नई ट्रेन मांगी जा रही है सरगुजा के लिए भी ट्रेनों की डिमांड हैं लेकिन केन्द्र सरकार ने रेल बजट की बंद कर दिया। पहले इस पर डिमांड पर होती थी चर्चा होती थी अब यह सब नहीं होता।




