रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मणिपुर कांड पर बरस पड़े। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मणिपुर में डबल इंजन की सरकार है तो कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे। तीन माह से मणिपुर जल रहा है और प्रधानमंत्री कुछ नहीं कर पा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह चुनाव प्रचार में लगे रहे और मणिपुर में जल रहा ऐसे देश नहीं चलता।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मणिपुर की घटना से ध्यान भटकाने के लिए छत्तीसगढ़ को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। जो प्रदेश शांत है उसे मणिपुर से जोड़ा जा रहा है। मणिपुर की घटना को छिपाने के लिए छत्तीसगढ़ व राजस्थान का नाम जोड़कर बदनाम किया जा रहा है। सीएम बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मीडिया के सामने झूठ बोल रहे हैं। सीएम बघेल ने पीएम मोदी को जुमलेबाजी बंद करने की सलाह भी दे डाली।
सीएम ने कहा कि मणिपुर की घटना अलग प्रकार की घटना है उसके साथ छत्तीसगढ़ को जोड़कर बदनाम कर चुनावी रोटी सेंकने का काम भाजपा के लोग कर रहे हैं। मणिपुर में जो हो रहा है उस पर प्रधानमंत्री को बोलना चाहिए लेकिन वे छत्तीसगढ़ को जोड़ रहे हैं। मणिपुर की घटना मानवता की आत्मा को झकझोर देने वाली घटना है। देश के प्रधान के रूप में जब ऐसी घटना पर एक मजबूत स्टैंड लेना चाहिए तब भी प्रधानमंत्री जी को चुनाव प्रचार दिखाई दे रहा है। यह बहुत दुर्भाग्यजनक है। छत्तीसगढ़ को बदनाम करने का कुत्सित प्रयास छत्तीसगढ़ की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।





