
भिलाई। छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के मार्च में होने जा रहे चुनावों की तैय्यारियां जोरों पर हैं। इसे लेकर प्रदेश भर में चैम्बर के निर्वाचन अधिकारियों का दौरा हो रहा है। इसी कड़ी में चैम्बर टीम ने भिलाई का दौरा किया। भिलाई में रायपुर से आये निर्वाचन अधिकारी रमेश गांधी, मनमोहन अग्रवाल, संजय देशमुख ने स्थानीय दुर्ग व बेमेतरा के निर्वाचन अधिकारियों गिरीश बंसल, संजय शर्मा, देविंदर सिंह भाटिया, शिवराज शुक्ला, दिलीप अग्रवाल, अनिल अग्रवाल के साथ अग्रसेन भवन मतदान स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान चुनाव अधिकारी संजय शर्मा ने रायपुर की टीम को मतदान स्थल की संपूर्ण तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान चुनाव संबंधी तैयारियों व हर व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई। रायपुर की टीम ने स्थानीय चुनाव अधिकारियों को निष्पक्ष, निर्बाध व सुगम मतदान हेतु आवश्यक सुझाव व दिशा निर्देश दिये गए। दुर्ग में चुनाव व मतदान को लेकर हुई तैयारियों पर रायपुर चैम्बर की टीम ने संतोष व्यक्त किया।





