बिलासपुर। दो माह पहले अचानक लापता हुए प्रापर्टी की डीलर की हत्या कर दी गई। प्रापर्टी डीलर को आखिरी बार जिस महिला के साथ देखा गया था उसी ने अपने पति व एक अन्य के साथ मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया। प्रापर्टी डीलर के लापता होने के बाद पुलिस लगातार उसकी खोजबीन करती रही। आखिरकार पुलिस को उसकी लाश केशकाल घाटी में मिली और उसके बाद हत्या का राज खुला। भिलाई निवासी पति पत्नी अपने साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।
बता दें बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले आसमा सिटी निवासी प्रॉपर्टी डीलर वकील अंसारी 3 नवंबर को लापता हो गए थे। वे अंबिकापुर जाने की बातकहकर घर से निकले। दूसरे दिन 4 नवंबर की रात उन्होंने अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि वे लौट रहे हैं। इधर पत्नी इंतजार करती रही लेकिन वकील अंसारी नहीं लौटा। पति के लापता होने से परेशान पत्नी अकबरी खातून ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस लापता प्रापर्टी डीलर की खोज में लग गई।
इस बीच लापता प्रॉपर्टी डीलर अंतिम बार एक महिला के साथ दिखा जिसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था। वीडियो में वह महिला के साथ नजर आ रहा था और होटल से बाहर निकलता दिख रहा था। इसके बाद से पुलिस महिला की जानकारी जुटाने में लग गई। दो माह से भी ज्यादा समय तक पुलिस उसकी तलाश करती रही लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चल पाया। इस बीच 11 जनवरी को केशकाल घाटी में एक क्षतविक्षत लाश मिली। शव की फोटो सभी थानों को भेजी गई तो इस फोटो को देखकर वकील अंसारी की पत्नी ने शिनाख्त की और बताया कि शव उनके पति का ही है।
शव की शिनाख्त के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं मिल रहा था। इस दौरान पता चला भिलाई निवासी संतोषा उर्फ पूजा वर्मा, उसके पति हेमंत साहू ने भिलाई के ही गणेश यादव के साथ मिलकर अंबिकापुर से लौटते समय 4 नवंबर को वकील अंसारी का अपहरण कर लिया। यह अपहरण फिरौती के लिए किया गया और शव को कार में ले जाकर जगदलपुर के केशकाल घाटी में ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि महिला का पति कर्ज में डूबा था और बिलासपुर में इनकी मुलाकात वकील अंसारी से हुई। इसके बाद इन लोगों ने उसके अपहरण की साजिश रची और उसकी हत्या कर दी।




