रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म होने के बाद कांग्रेस पार्टी में उथल पुथल शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी ने ऐतिहासिक गांधी मैदान में राहुल गांधी की सजा के खिलाफ प्रदर्शन किया और उधर लोकसभा में उनकी सदस्यता ही छिन गई। राहुल गांधी सांसद से पूर्व सांसद हो गए। इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
सीएम बघेल ने ट्वीट कर कहा कि तानाशाह का सबसे बड़ा डर होता है कि उससे लोग डरना बंद न कर दें। आप उसे डराना चाहते हैं जो पूरे देश को कह रहा है “डरो मत”। इंदिरा जी के साथ भी यही भूल की थी कुछ लोगों ने, बाकि फिर इतिहास है। यहीं मिलेंगे जनता की अदालत में। जनता होगी, जननेता होगा, नहीं होगा तो सिर्फ़ डर और तानाशाह।
वहीं इस मामले में छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भी ट्वीट कर प्रतिक्रिया दी है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, राहुल गांधी जी की लोकसभा सदस्यता ख़त्म कर दी गई। वह आपके और इस देश के लिए लगातार सड़क से संसद तक लड़ रहे हैं, लोकतंत्र को बचाने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। हर षड्यंत्र के बावजूद वह यह लड़ाई हर क़ीमत पर जारी रखेंगे और इस मामले में न्यायसंगत कार्रवाई करेंगे।




