राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां के छुरिया इलाके के बोईरडीह गांव में दो बाइक आपस में भिड़े। हादसे में बाइक सवार चार युवकों की मौत हो गई। चारों युवक पांडेटोला और बोईरडीह के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं युवकों की मौत की जानकारी मिलने के बाद गांव में मातम पसर गया है।

मिली जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार दोपहर 12 बजे के आसपास की है। छुरिया-डोंगरगांव रोड पर बोईरडीह गांव में बने पुल पर आमने-सामने दो बाइक टकरा गए। हादसे के दौरान दोनों बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। दोनों बाइक में चार लोग सवार थे। एक बाइक में तीन युवक सवार थे और दूसरी बाइक में दो युवक सवार थे। हादसे के बाद बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। वहीं बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। मृतकों में एक बाइक पर सवार शिव नेताम और मोमेन्द्र कुंजाम की मौत हो गई। वहीं तीसरा सवार तिलक मंडावी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार हितेश चौरे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक दिलीप गोड को घायल हालत में अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस बुलवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया। वहीं घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।




