जशपुर। जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। नए साल के पहले दिन पिकनिक मनाकर लौट रहे लोगों की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। कार में कुल 10 लोग सवार थे इनमें से 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर का परिवार पिकनिक मनाने जशपुर के गुल्लु फॉल गया हुआ था। परिवार के 10 लोग एक ही कार में सवार होकर गए थे। दिनभर नए साल का जश्न मनाने के बाद देर शाम वे लौट रहे थे। गुल्लु फॉल से निकलने के बाद रास्ते में इनकी कार अनियंत्रित हो गई और पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को बाहर निकाला। इस दौरान चार लोगों की मौत हो चुकी थी। मृतकों में पिता पुत्र भी शामिल हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।




