जांजगीर-चांपा Janjgir-Champa. छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में बड़ा हादसा हो गया है। यहां NH 49 पर तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। खासबात यह रही कि बाइक सवारों को ठोकर मारने के बाद हाइवा चालक भी अनियंत्रित हो गया और सड़क पर उसकी हाइवा पलट गई। हाइवा पलटने के बाद चालक फरार हो गया है। हादसे की सूचना के मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव कर्रा जिला बिलासपुर निवासी पीताम्बर केवट, संदीप श्रीवास और सुनील यादव एक ही बाइक से निकले थे। वे तीनों लकवा की दवा लेने के लिए सक्ति जिले के मालखरौदा जा रहे थे। रास्ते में जांजगीर जिले के जिला जेल खोखरा Nh49 रोड के पास पहुंचे थे की पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाइवा वाहन चालक ने बाइक को पीछे से ठोकर मार दी जिससे बाइक में सवार तीनो उछल कर सड़क किनारे जा गिरे।
हादसे में पीताम्बर केवट (25) साल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संदीप श्रीवास और सुनील यादव गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिनका उपचार जिला अस्पताल में किया गया है। जहां संदीप श्रीवास की हालत गंभीर होने पर बिलासपुर रेफर किया गया है। वहीं ठोकर मारने के बाद हाईवा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा पलटी। घटना के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया जिसकी खोजबीन पुलिस कर रही है।




