दो संदिग्ध पकड़ाए, पुलिस ने किया पिकअप जब्त, जांच में जुटी पुलिस
भिलाई। वाहनों की जांच के दौरान दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अवैध रूप से ले जाई जा रही चार करोड़ रुपए नकदी पुलिस ने पकड़ी है। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QU 5996 से पुलिस ने यह रकम बरामद की। पिकअप में गुप्त चेंबर बनाकर यह नगदी रकम छिपाई गई थी। पुलिस ने पिकअप जब्त कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इन दोनों ने नगदी के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
दुर्ग पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस को अवैध गतिविधियों एवं संदिग्ध परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल पुलिस को सूचना मिली कि एक सफेद रंग का बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QU 5996 रायपुर से नागपुर की ओर भारी मात्रा में नकदी लेकर जा रहा है। डबरापारा थाना खुर्सीपार के पास वाहन चेकिंग के दौरान रात करीब 11:00 बजे पिकअप वाहन को रोककर चेक किया गया। वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर पूरी तरह बंद किया गया था।
पिकअप वाहन को भवेशभाई जीनाभाई डाभी चला रहा था और उसके साथ विष्णुदेव दुबे नाम का व्यक्ति भी बैठा था।वाहन की तलाशी लेने पर वाहन के मॉडिफाई किए गए पिछले हिस्से में एक विशेष गुप्त चेंबर (Hidden Chamber) बना मिला। चेंबर को खोलने पर पुलिस हैरान रह गई। नोटे के बंडल पैकेट रूप में यहां छिपाकर रखे गए थे। पिकअप सवार दोनों व्यक्ति रुपए के संबंध में वैध दस्तावेज या अन्य किसी प्रकार की जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।
खुर्सीपार पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर नोटों के बंडल जब्त किए हैं। गिनती में यह करीब 4 करोड़ रुपए है। पुलिस द्वारा भवेशभाई जीनाभाई डाभी और उसके साथी विष्णुदेव दुबे से रकम के स्रोत, स्वामित्व तथा परिवहन के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है। बरामद रकम के वित्तीय स्रोत और अन्य संबंधित तथ्यों की गहन जांच हेतु आयकर विभाग (Income Tax Department) को सूचना भेजी जा रही है।




