धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन ने धमतरी जिले में महानदी पर अछोटा के पास 92 करोड़ रुपये की लागत से नए फोरलेन पुल निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्य ओडिशा को आपस में जोड़ने वाला यह नया फोरलेन पुल करीब 35 साल पुराने जर्जर ढांचे की जगह लेगा। महापौर रामू रोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर इस मुद्दे को उठाया था। लगातार कोशिशों के बाद परियोजना को स्वीकृति मिली है।
महानदी पर अछोटा के पास स्थित वर्तमान पुराना पुल लगभग 35 साल पुराना हो चुका है। सिंगल पुल होने के कारण इस मार्ग पर यातायात का भारी दबाव रहता था, जिससे गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा निरंतर बना रहता था। धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने इस विषय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से मुलाकात करके जर्जर पुल का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने राज्य सरकार को बताया था कि पुराना पुल बहुत जर्जर हो चुका है और वह कभी भी गिर सकता है।
पुल निर्माण की वित्तीय मंजूरी मिलने पर महापौर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि नए फोरलेन पुल के निर्माण से शहर और आसपास के गांवों के बीच आवागमन पूरी तरह सुगम हो जाएगा। अछोटा में बनने वाले नए फोरलेन पुल का निर्माण कार्य आवश्यक टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रारंभ किया जाएगा। प्रशासकीय टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने में लगभग तीन महीने का समय लगने की संभावना है इसके बाद पुल का निर्माण प्रारंभ हो जाएगा।
अछोटा में महानदी पर नया फोरलेन पुल बनने से धमतरी शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ओडिशा की ओर आने-जाने वाले लोगों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है। सड़क और पुल के चौड़ा होने से यातायात का दबाव कम करने, आवागमन को सुगम बनाने और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने में मदद मिलेगी। महापौर ने कहा कि यह पुल शहर और गांवों को जोड़ने के साथ ओडिशा की ओर जाने वाले मार्ग के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा। उनका उद्देश्य धमतरी से दूसरे क्षेत्रों तक आवागमन को आसान बनाना है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक सड़क मार्ग मिल सके।




