रायपुर। सिविल लाइन थाने में महिला ने तीन तलाक का मामला दर्ज कराया है। राजातालाब क्षेत्र में रहने वाली महिला शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है।
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार महिला की शादी साल 2009 में जहीर हुसैन नाम के व्यक्ति के साथ हुई थी। दोनों की एक बेटी भी है। अपनी शिकायत में महिला ने बताया कि शादी के बाद से ही दोनों में लड़ाई-झगड़ा होने लगा। इधर विवादों के बीच में इस साल सितम्बर महीने में जहीर ने महिला को तीन तलाक दे दिया। इसके बाद पीडि़ता अपने मायके आ गई थी, लेकिन आरोपी मायके में आकर भी बेटी की कस्टडी को लेकर विवाद करने लगा। इससे तंग आकर महिला ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक जहिर हुसैन आदतन बदमाश है, उसके खिलाफ थाने में 3 वारंट है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ मुस्लिम महिला विवाह संरक्षण अधिनियम और दहेज प्रताडऩा से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
राजधानी में सामने आया तीन तलाक का मामला: महिला की शिकायत पर आरोपी पति गिरफ्तार…. सिविल लाइन थाने में केस दर्ज




