नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना संक्रमण में बड़ी राहत मिली है। बीते 24 घंटों में 60 हजार से नीचे नए मामले दर्ज किए गए है। 81 दिनों में यह सबसे कम आंकड़ा है। इससे पहले 30 मार्च को 53,237 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना के 58,419 मरीज मिले और 87,619 लोग ठीक हुए। इस बीच 1,576 मरीजों की मौत हो गई। एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या 7,29,243 रिकॉर्ड की गई।
देश में लगातार 38 वें दिन कोरोना वायरस के नए मामलों से ज्यादा रिकवरी हुई हैं। 19 जून तक देशभर में 27 करोड़ 66 लाख 93 हजार कोरोना वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 38 लाख 10 हजार टीके लगाए गए। वहीं अबतक 39 करोड़ 10 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। बीते दिन करीब 18 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 3 फीसदी से ज्यादा है। फिलहाल देशभर में कोरोना के 2,98,81,965 मामले आ चुके हैं, जिसमें 2,87,66,009 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक कुल 3,86,713 मौतें दर्ज की गई हैं। इसके अलावा टीकाकरण का काम भी जोर पर है और कुल 27,66,93,572 लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी जा चुकी है।





