भिलाई। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज, भिलाई इकाई की आवश्यक बैठक पावर हाउस स्थित चेम्बर कार्यालय में हुई। जिसमें विशेष रूप से चेम्बर के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री अजय भसीन, भिलाई जिला उपाध्यक्ष महेश बंसल एवं मंत्री मनोज बक्त्यानी उपस्थित थे। बैठक में मुख्य रूप से कोरोना वायरस से बचाव और सुचारू रूप से व्यापार संचालित करने आवश्यक कदम उठाये जाने को लेकर चर्चा हुई। कोरोना वायरस से बचाव के लिए सभी व्यापारियों को अनिवार्य रूप से कोरोना टेस्ट कराने तथा अपने संस्थानों में मास्क और सेनेटाइजर का उपयोग सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही साथ भिलाई चेम्बर की टीम द्वारा सभी बाजारों में जागरूकता अभियान शुरू करने पर भी चर्चा हुई।
छग चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के नवनिर्वाचित महामंत्री अजय भसीन ने अपना कोरोना टेस्ट करवाते हुये सभी व्यापारी साथियों से अपील की है कि वे भी निश्चित रूप से अपना टेस्ट करायें और संस्थान में कार्य करने वाले सभी कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीरता दिखायें। उन्होंने कहा कि पूर्व में व्यापारियों को लॉकडाउन के मुश्किल हालात का सामना करना पड़ा था, जिससे व्यापार जगत आज तक प्रभावित है। दोबोरा इस तरह की परिस्थिति न आये इसके लिये हमें आज से ही सतर्कता बरतनी होगी। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी साथी निश्चित रूप से अपने संस्थानों में मास्क लगाकर कार्य करें और सेनेटाइजर का प्रयोग करें। इसी तरह ग्राहकों को भी मास्क लगाने के लिए प्रेरित करें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करायें। चेम्बर के वरिष्ठ सदस्य गारगी शंकर मिश्र ने इस दौरान कहा कि हम सभी को जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा- निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना है और अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करना होगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बाजारों में व्यापारियों को जागरूक करने के लिए भिलाई उपाध्यक्ष महेश बंसल एवं मंत्री मनोज बक्त्यानी के नेतृत्व में जागरूकता अभियान चलाया जायेगा और व्यापारियों को सुरक्षा संबंधी उपाय अपनाने पर जोर दिया जायेगा। भिलाई चेम्बर के वरिष्ठ सदस्य भीमसेन सेतपाल एवं शिरीष अग्रवाल ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष चेम्बर द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन नहीं किया जायेगा, हमारी पहली प्राथमिकता व्यापारी साथियों एवं आमजनों की सुरक्षा है। साथ ही साथ हमारे लिए सुचारू रूप से व्यापार संचालित करने की जो चुनौती है उसका भी हमें डटकर सामना करना है।
भिलाई चेंबर ने कोरोना को लेकर बनाई रणनीति: सभी बाजारों में चलाएंगे जागरुकता अभियान… मास्क व सेनेटाइजर का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करने की अपील




