भिलाई। गोवा में आयोजित दो दिवसीय तीसरी राष्ट्रीय महिला मास्टर्स एथलेटिक चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की महिला एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ की ओर से महिला एथलीटों ले अलग अलग इवेंट में एक गोल्ड सहित तीन मैडल जीतने में सफलता पाई है। गोवा में यह प्रतियोगिता 30 व 31 मई को खेली गई। यह प्रतियोगिता एशियाई मास्टर्स फेडरेशन एवं वर्ल्ड मास्टर्स फेडरेशन से मान्यता प्राप्त है।
छत्तीसगढ़ मास्टर्स एथलेटिक्स संघ के सचिव ताजुद्दीन ने बताया कि गोवा के बंबोलिम स्टेडियम में खेली गई तीसरी राष्ट्रीय महिला मास्टर्स एथलेटिक चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के महिला एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता के पहले दिन छत्तीसगढ़ की महिला एथलीट विमल कुजूर ने 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में ट्रिपल जंप प्रतियोगिता व 80 मी बाधा दौड़ में हिस्सा लिया। दोनों प्रतियोगिताओं में विमला ने क्रमशः गोल्ड मेडल एवं सिल्वर मेडल प्राप्त किया। इसके अलावा इंदुमती मालिया ने 65 वर्ष से अधिक वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में ब्रांज मेडल प्राप्त किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले महिला एथलीटों को छत्तीसगढ़ मास्टर्स एथलेटिक्स संघ सहित अन्य खेल संघों के पदाधिकारियों ने बधाई दी है।




