कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में SECL कर्मी की दर्दनाक घटना से जान चली गई। दीपिका स्थित एसईसीएल के वर्कशॉप में पदस्थ कर्मचारी लालदास खरे क्रेन की बेरिंग खोल रहा था। इस दौरान टायर फट गया जिसका धमाका इतना तेज था कि कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद हर कोई हैरान है। इस घटना में दो कर्मचारी घायल भी हुए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार SECL में सीनियर मैकेनिकल फिटर लालदास खरे दीपका वर्कशॉप में पदस्थ था। दीपका विस्तार परियोजना में लगी एक क्रेन खराब हो गई थी। इसकी मरम्मत के लिए गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे एसईसीएल के मेंटेनेंस कर्मचारी लालदास खरे (53) को भेजा गया। मौके पर जाकर देखा तो क्रेन की बेयरिंग खराब हो गई थी। लालदास बेयरिंग खोल रहा था इस दौरान एक अन्य कर्मी घनश्याम गभेल व एक ठेका श्रमिक उसका साथ दे रहे थे।
अचानक हुआ टायर ब्लास्ट
मरम्मत के दौरान अचानक टायर में ऐसा ब्लास्ट हुआ जिसकी चपेट में आने से लालदास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथी कर्मी घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि धमका ऐसा था कि जैसे कोई बम फटा हो। टायर फटने वाली जगह पर लालदास बेरिंग खोल रहा था इसके कारण वहीं इसकी जद में आया। यह हादसा दीपका महाप्रबंधक कार्यालय के पास हुआ। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। लालदास खरे अपनी पत्नी और बेटी के साथ दीपका कॉलोनी क्वार्टर नंबर- MD 420 में रहता था। गुरुवार को उसकी बेटी का जन्मदिन था और इस हादसे ने घर की खुशियां छीन ली।