दुर्ग। देररात अवैध गतिविधियों के जांच के लिए इन दिनों दुर्ग पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में सोमवार रात को दुर्ग व राजनांदगांव की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया और पुलगांव थाना क्षेत्र व राजनांदगांव के सोमनी थाना क्षेत्र के बीच नेशनल हाइवे पर ढ़ाबों व होटलों की जांच की। इस दौरान सड़क किनारे खड़े हैवी वाहन चालकों की जांच भी की गई। जांच के दौरान ढाबा व होटल संचालकों में हड़कंप मच गया।

सोमवार को दुर्ग आईजी बीएन मीणा की पहल पर दुर्ग एवं राजनांदगांव पुलिस के द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान किया गया। पुलिस अधीक्षक दुर्ग डॉ अभिषेक पल्लव के द्वारा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव व उप पुलिस अधीक्षक यातायात गुरजीत सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग अभिषेक झा सहित थाना एवं चौकी प्रभारियों व रक्षित निरीक्षक दुर्ग के साथ उनका बल के द्वारा ढाबा चेकिंग अभियान किया गया था।
अभियान को दुर्ग जिले के साथ संयुक्त रूप से राजनांदगांव पुलिस के द्वारा भी जिला राजनांदगांव दुर्ग सीमा से आरंभ किया गया। जिसमें पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव प्रफुल्ल ठाकुर के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव संजय महादेवन , परिविक्षधीन आईपीएस राजनांदगांव सीएसपी गौरव राय के नेतृत्व में जिला राजनांदगांव में यह अभियान भी किया गया।
यह चेकिंग अभियान जिला दुर्ग पुलिस के द्वारा समस्त थाना एवं चौकी में थाना प्रभारियों एवं जवानों के माध्यम से भी अपने अपने क्षेत्र में किया गया। दुर्ग पुलिस के द्वारा अभियान की शुरुआत अंजोरा क्षेत्र से की गई। जहां 80 से अधिक जवानों के द्वारा 18 से अधिक गाड़ियों में शहर को सुरक्षित एवं नशामुक्त बनाने की दिशा में यह अभियान किया गया।
सबसे पहले अंजोरा क्षेत्र स्थित साउथ एक्स ढाबा को एसपी अभिषेक पल्लव के द्वारा स्वयं चेक किया गया , चेकिंग को बारीकी तौर पर कर ढाबे के आगे पीछे एवं अन्य जगहों पर नशीले पदार्थ, शराब परोसने वाले, एवं अन्य गतिविधियों को चेक किया गया। इसके बाद राजपूताना ढाबा, द सर्कल लॉज, प्रिंस ढाबा, दुर्गेश ढाबा, इंदर दा ढाबा एवं अन्य ढाबा को चेक किया गया।
चेकिंग के दौरान ढाबे के सामने खड़ा करने वाले ट्रक चालकों को भी पार्किंग स्थल पर ट्रक खड़ा करने एवं ट्रक साइड में खड़ा करने के उपरांत इंडिकेटर एवं रिफ्लेक्टर का उपयोग करने के संबंध में समझाइश दी गई जिससे रात में होने वाले एक्सीडेंट में कमी आ सके। दुर्ग पुलिस के ऑफिशल फेसबुक पेज एवं इंस्टाग्राम के माध्यम से आम जनमानस में जागरूकता हेतु लाइव प्रसारण किया गया।