कवर्धा. कबीरधाम जिले में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। जिला भाजपा व्यवसायी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक विजय पांडेय ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। विजय पांडेय राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय के चचेरे भाई हैं। कुछ दिन पहले ही कवर्धा दौरे के दौरान मंत्री मोहम्मद अकबर उनके घर गए थे, जिससे नाराज होकर जिला भाजपा की ओर से उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके जवाब से पहले ही उन्होंने रविवार को रायपुर में जाकर मंत्री अकबर के समक्ष कांग्रेस में प्रवेश कर लिया।
पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित
कांग्रेस प्रवेश की सूचना मिलने से कबीरधाम जिला भाजपा अध्यक्ष ने विजय पांडेय को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। वहीं मामले में सांसद संतोष पांडेय का कहना है कि विजय पाण्डेय उनके चाचा के बेटे हैं। उनके पार्टी से जाने से यहां काई फर्क नहीं पडऩे वाला है।
मंत्री के स्वागत पर दिया था कारण बताओ नोटिस
जिला भाजपा महामंत्री की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि 13 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी के जिले के पद में रहते हुए अपने परिसर में कवर्धा विधायक एवं छत्तीसगढ़ के कांग्रेस सरकार के मंत्री मोहम्मद अकबर को बुलाकर स्वागत कार्यक्रम किया गया, जो कि अनुशासनहीनता के श्रेणी में आता है। इसके संबंध में पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। उसके उपरांत भी पार्टी विरोधी गतिविधि में सम्मिलित हुए। इसके चलते 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
इस लिए कांग्रेस में हुए शामिल
बता दें कि विजय पांडेय हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रदेश अध्यक्ष भी है। कुछ महीने पहले छत्तीसगढ़ और राजस्थान में डीजल क्राइसेस चल रहा था तब विजय पांडेय ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की थी। तब मुख्यमंत्री ने इस समस्या के समाधान को निकालने में मदद की थी, तब से विजय पांडेय की सक्रियता कांग्रेस पार्टी की तरफ बढ़ने लगी और कबीरधाम जिले से मंत्री मोहम्मद अकबर से मिलना जुलना बढ़ गया। इससे बीजेपी नाराज हो गई थी और बीजेपी ने 17 सितंबर को विजय पांडेय के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसका जवाब देने के बजाय विजय पांडेय ने कांग्रेस पार्टी की ही सदस्यता ले ली।