रायपुर। चीन सहित दुनियाभर में कोरोना के BF-7 वेरिएंट ने कोहराम मचा रखा है। दुनियाभर में बढ़ते कोविड-19 के मामलों को देखते हुए भारत सरकार भी अलर्ट है और सभी राज्यों को गाइडलाइन जारी किया है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार भी कोरोना को लेकर एहतियात बरत रहा है। 27 दिसबंर को प्रदेश के सभी जिलों में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य सचिव आर प्रसन्ना ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर इसकी तैयारियों करने कहा है।
बता दें चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, हांगकांग में कोविड के नए वेरिएंट बीएफ—7 से करोड़ों लोग संक्रमित हुए हैं, और इसके खतरे को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार अलर्ट है। दरअसल छत्तीसगढ़ में 27 दिसंबर को जो मॉकड्रिल होने जा रहा है इसमें अस्पतालों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसके तहत अस्पताल में मौजूद वेंटिलेटर, मल्टी पैरामॉनिटर, आक्सीजन कंसन्ट्रेटर जैसे जीवन रक्षक उपकरणों की जांच करके उनको एक्टिव किया जाएगा। मॉकड्रिल के दौरान जीवन रक्षक उपकरणों वेंटिलेटर, ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर को एक्टिव किया जाएगा। पीएसए प्लांट को चालू किया जाएगा। लिक्विड ऑक्सीजन और ऑक्सीजन सिलेंडर की उपलब्धता का परीक्षण किया जाएगा। ऑक्सीजन गैस पाइप लाइन की भी जांच की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि चिकित्सक व पैरा मेडिकल स्टॉफ जीवन रक्षक उपकरण चलाने में सक्षम हैं यया नहीं। इसके अलावा आपात स्थिति में कोरोना से बचाव व मरीजों के इलाज की समूचित व्यवस्था को भी परखा जाएगी।


कोविन पोर्टल पर करनी होगी एंट्री
स्वास्थ्य सचिव आर प्रसन्ना द्वारा जारी पत्र से कोविड प्रोटोकॉल मैनेजमेंट के तहत मॉक ड्रिल करने कलेक्टरों को कहा गया है। मॉकड्रिल के बाद इसकी रिपोर्ट भी भारत सरकार के कोविन पोर्टल पर अपडेट करने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य सचिव ने अपने पत्र में कहा है कि छत्तीसगढ़ में कोविड नियंत्रण में है लेकिन इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता है। जिस प्रकार के हालात चीन सहित अन्य देशों में बन रहे हैं उसे देखते हुए अलर्ट पर रहना बेहद जरूरी है। खासकर जिला कलेक्टरों को यह सुनिश्चित करना है कि आपात स्थिति में हम पूरी तरह से तैयार हैं।
टीकाकरण की गति बढ़ाने का भी निर्देश
राज्य सरकार ने कोविड संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण की समीक्षा के भी निर्देश दिए हैं। यदि टीकाकरण की गति धीमी है तो उसे बढ़ाने का भी निर्देश दिया गया है। यही नहीं सरकार ने घर-घर जाकर टीकाकरण की समीक्षा के भी निर्देश दिए हैं। साथ की जिला अस्पतालों व स्वास्थ्य केन्द्रों में दवाओं को पर्याप्त स्टॉक रखने का भी निर्देश जारी किया गया ताकि आपात स्थिति में दवाओं की कमी न हो। साथ ही कोविड प्रोटोकॉल पर भी ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।




