भिलाई। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिले में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को सुपेला से पावर हाउस मार्ग तक सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले ऑटो डील संचालकों के विरुद्ध नगर निगम के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों के कारण होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं को दूर करने तथा आवागमन सुचारु बनाए रखने की पहल की गई।
इसके अतिरिक्त पावर हाउस ऑटो स्टैंड में ऑटो चालकों को समझाइश देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे सड़क के बीच या आवागमन वाले मार्ग पर ऑटो खड़ा न करें। अपने ऑटो निर्धारित स्थान पर अथवा सड़क के किनारे व्यवस्थित तरीके से खड़े करें, ताकि आम नागरिकों, दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और अनावश्यक जाम की स्थिति निर्मित न हो।
ऑटो चालकों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे हमेशा निर्धारित वर्दी में वाहन चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने वाहन को इस प्रकार खड़ा न करें जिससे सड़क पर आवागमन बाधित हो। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सभी ऑटो डील संचालकों एवं ऑटो चालकों से अपील की जाती है कि वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। सड़क को पार्किंग स्थल न बनाएं तथा अपने वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा करें। नियमों का उल्लंघन कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




