देहरादून (एजेंसी)। उत्तराखंड में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर तीरथ सरकार बड़ा फैसला ले सकती है। सूत्रों की मानें तो हरिद्वार में चल रहे कुंभ को सरकार पहले ही समाप्त करने की घोषणा कर सकती है। सरकार की ओर से कुंभ की अविध एक से 30 अप्रैल की गई है। बता दें कि हरिद्वार में चल रहे कुंभ को लेकर निरंजनी अखाड़े ने फैसला लेते हुए 17 अप्रैल को कुंभ मेला खत्म करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत शुक्रवार को कोरोना पर अब तक की स्थिति की समीक्षा करेंगे। मुख्य सचिव ओमप्रकाश के अनुसार बैठक में वर्तमान हालात पर मंथन करते हुए आगे की रणनीति तय की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, सीएम ने कोरोना प्रबंधन से संबंधित सभी विभागों की बैठक बुलाई है। हालिया कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण की दर में जिस प्रकार इजाफा हुआ है, उससे सरकार काफी गंभीर है। खासकर देहरादून में बढ़ते मामले चिंता का विषय बन रहे हैं। सूत्रों के अनुसार दिल्ली, यूपी समेत कुछ राज्यों में किए जा रहे प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस रिपेार्ट को सीएम के समक्ष रखा जाएगा।




